बिहार के जमुई जिले के झाझा में परिवहन मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है।
जमुई: झाझा में बिहार सरकार के परिवहन मंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते हुए वीडियो प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने एक कथित यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नीतीश यादव उर्फ एनपी यादव के रूप में हुई है। आरोप है कि वह विभिन्न सामाजिक माध्यमों पर खुद को पत्रकार बताकर प्रेस का पहचान पत्र लगाता था। इस संबंध में जदयू युवा जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
10 हजार रुपये मांगने और मानहानि के आरोप में यूट्यूबर गिरफ्तार
शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि यूट्यूबर ने वीडियो अपलोड करने से पहले 10 हजार रुपये की मांग की थी। राशि नहीं मिलने पर उसने परिवहन मंत्री के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बनाकर सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित कर दिया। इससे मंत्री की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और मानहानि हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। झाझा डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपित के पास से प्रेस लिखा हुआ एक पहचान पत्र, एक माइक, एक कॉलर माइक और एक मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपित पेशे से ऑटो चालक है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- एक ही गांव के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, तीसरा गंभीर रूप से घायल