प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

युवक की संदिग्ध मौत से गांव में हड़कंप

अंबेडकरनगर: पेड़ से लटका मिला 28 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

अंबेडकरनगर के जलालपुर क्षेत्र के नगपुर मुस्तफाबाद गांव में 28 वर्षीय रवि मौर्य का शव पेड़ से लटका मिला।

अंबेडकरनगर पेड़ से लटका मिला 28 वर्षीय युवक का शव परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक युवक |

अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश)। जलालपुर क्षेत्र के नगपुर मुस्तफाबाद गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 28 वर्षीय युवक का शव घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान पारस मौर्य के बेटे रवि मौर्य के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

शव पेड़ से तार के सहारे लटका

जानकारी के मुताबिक, रवि का शव पेड़ से तार के सहारे लटका हुआ था। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, रवि दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह करीब तीन महीने पहले हरियाणा में नौकरी करता था। कुछ समय पहले ही वह घर वापस लौटा था। उसका छोटा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया

सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने जांच के दौरान दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की असल वजह स्पष्ट हो पाएगी।

यह भी पढ़ेंः हाथरस: संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला युवक का शव

Related to this topic: