प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सड़क हादसे में शिक्षिका की मौत

अंबेडकरनगर: सड़क पर गिरी शिक्षिका को अज्ञात वाहन ने कुचला, इलाज के दौरान मौत

अंबेडकरनगर के जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर नवानगर के पास बाइक फिसलने से सड़क पर गिरी 55 वर्षीय शिक्षिका कादंबरी मिश्रा को पीछे से आए अज्ञात वाहन ने कुचल दिया।

अंबेडकरनगर सड़क पर गिरी शिक्षिका को अज्ञात वाहन ने कुचला इलाज के दौरान मौत

मृतका के घर पहुंचे लोग |

अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश)। जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर बुधवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय शिक्षिका कादंबरी मिश्रा की मौत हो गई। नवानगर के पास सड़क किनारे पड़ी गिट्टी पर बाइक फिसलने से वह सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।

मर गांधी बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षिका थीं मृतका

जानकारी के अनुसार, कादंबरी मिश्रा जलालपुर स्थित अमर गांधी बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षिका थीं। उनके पति सत्य प्रकाश मिश्रा जलालपुर में वकालत करते हैं। बुधवार देर शाम दोनों पति-पत्नी विद्यालय से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। अभी वे जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर नवानगर के पास पहुंचे थे कि सड़क किनारे पड़ी गिट्टी पर उनकी बाइक अचानक फिसल गई। इससे कादंबरी मिश्रा असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ीं।

परिवार और परिचितों में शोक की लहर

इसी बीच पीछे से आ रहा एक अज्ञात वाहन उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पति और अन्य लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अकबरपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें अकबरपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शिक्षिका की मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा

बताया जाता है कि सत्य प्रकाश मिश्रा मूल रूप से मालीपुर थाना क्षेत्र के कांदीपुर गांव के निवासी हैं। कादंबरी मिश्रा की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी आकांक्षा 23 वर्ष की हैं, जबकि छोटी बेटी प्रतीक्षा की उम्र 21 वर्ष है। दोनों बेटियां लखनऊ में रहकर भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। मां की अचानक मौत से दोनों बेटियों के सिर से ममता का साया उठ गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ेंः गोरखपुर: महिला की मौत के मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Related to this topic: