अंबेडकरनगर में 28 वर्षीय रवि मौर्य की मौत के मामले में पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने दो नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश)। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नगपुर मुस्तफाबाद गांव में 28 वर्षीय रवि मौर्य की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता पारस मौर्य ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए दो नामजद और दो से तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेड़ के सहारे लटका मिला शव
पारस मौर्य ने पुलिस को बताया कि 29 अक्टूबर को उनके बेटे रवि का शव घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ से तार के सहारे लटका मिला था। पिता का आरोप है कि रवि का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी संबंध को लेकर साजिश रची गई। आरोपियों ने फोन कर रवि को बुलाया और उसकी हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
एफआईआर की मांग पर सड़क पर रखा शव
घटना के बाद गुरुवार देर रात तक परिजन और ग्रामीण शव सड़क किनारे रखकर प्रदर्शन करते रहे। उनकी मांग थी कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह रवि का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा की VEL स्पोर्ट्स मैनेजमेंट से जुड़ीं हाई जम्पर पूजा, एशियन गेम्स में जीत चुकी हैं कांस्य पदक