प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अमेठी में मुठभेड़, शातिर चोर घायल

अमेठी में पुलिस मुठभेड़, 33 मुकदमों में आरोपी वकील उर्फ सेनापति घायल

अमेठी के शिवरतनगंज में पुलिस मुठभेड़ के दौरान चोरी के आरोपी वकील उर्फ सेनापति के पैर में गोली लगी, जबकि उसके भाई चांद मोहम्मद को गिरफ्तार कर पुलिस ने चोरी के जेवरात, नकदी और हथियार बरामद किए।

अमेठी में पुलिस मुठभेड़ 33 मुकदमों में आरोपी वकील उर्फ सेनापति घायल

मुठभेड़ में घायल आरोपी |

अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत शिवरतनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात कुकहा रामपुर मोड़ के पास पुलिस और बाइक सवार दो शातिर अंतरजनपदीय चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ सेनापति के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके सगे भाई चांद मोहम्मद उर्फ बादशाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। 

मुखबिर से मिली गुप्त सूचना

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल दो बदमाश स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से हैदरगढ़ की ओर से शिवरतनगंज आ रहे हैं। पुलिस ने कुकहा रामपुर मोड़ पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पीछे बैठा वकील उर्फ सेनापति घायल हो गया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, सात जोड़ी पायल, छह बिछिया, दो नाक की कील, दो कान के टॉप्स, एक लॉकेट, एक चांदी का गुटका और चोरी के जेवरात बेचकर मिले 15 हजार रुपये बरामद हुए। घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।

दिन में घरों की रेकी और रात में चोरी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में घरों की रेकी करते थे और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। करीब 15 दिन पहले बाजार शुकुल के नेवाजगढ़ कैथन और 10 दिन पहले शिवरतनगंज के पूरे बैसन में चोरी की घटनाएं की थीं। पुलिस के अनुसार, वकील उर्फ सेनापति पर अमेठी, अयोध्या, सुलतानपुर और बाराबंकी में कुल 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके भाई चांद मोहम्मद पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई में शिवरतनगंज थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र सहित पुलिस टीम शामिल रही। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः इटावा में नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपये की कथित ठगी, महिला ने दर्ज कराई शिकायत

Related to this topic: