कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा पत्र 28 मार्च को जारी करेंगे।
कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा पत्र 28 मार्च को जारी करेंगे। इसके पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 24 मार्च से राज्य के विभिन्न जिलों में दौरा कर नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक कर पार्टी की स्थिति मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है।
कई बड़े नेता रहेंगे मौजूद
भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी के घोषणा पत्र जारी करने के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शमिक भट्टाचार्य, विपक्षी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार, सांसद राहुल सिंहा, वरिष्ठ नेता दिलीप घोष समेत तमाम नेता मौजूद रहेंगे।
घोषणा पत्र में ये होंगे मुख्य मुद्दे
घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार को खत्म करने, कानून व्यवस्था को सुधारने, प्रशासन, पुलिस व्यवस्था, शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त करने, बांग्लादेशी घुसपैठ को रोकने, महिलाओं की सुरक्षा, विकास, रोजगार सृजन, कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, केंद्र सरकार की रुकी विभिन्न क्षेत्र की विकास योजनाओं जैसे मुद्दों का उल्लेख होगा।
राज्य के नेताओं के साथ बैठकें
भाजपा सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य के कोर नेताओं की बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों की जानकारी लेंगे। इसके अलावा वे कोलकाता समेत नवद्वीप, हावड़ा, हुगली और मेदिनीपुर क्षेत्र के नेताओं से अलग-अलग बैठक करेंगे।
भवानीपुर पर विशेष फोकस
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कोलकाता के भवानीपुर क्षेत्र में चुनावी तैयारी के बारे में नेताओं से विशेष जानकारी लेंगे। सूत्रों के अनुसार पार्टी के केंद्रीय नेताओं और मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के नेताओं और मंत्रियों की सभाओं के बारे में भी चर्चा होगी।
यह भी पढ़े: पश्चिम बंगाल में भाजपा को TMC पर मुद्दा मिला
https://www.primenewsnetwork.in/state/w-bengal-bjp-gains-issue-against-tmc/151295