प्रतापगढ़ में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ का भव्य स्वागत हुआ। लालगंज में जनसभा के दौरान उन्होंने 2027 में कांग्रेस-इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया।
प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के अपने गृह जनपद प्रतापगढ़ एवं विधानसभा क्षेत्र रामपुर खास में प्रथम आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। लखनऊ से प्रतापगढ़ तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह मोटरसाइकिल रैलियों, कार जुलूसों, पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के माध्यम से उनका अभिनंदन किया गया। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों में भारी उत्साह दिखा। इस दौरान राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी को लेकर भी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह जुनून देखने को मिला।

लखनऊ से प्रतापगढ़ तक उमड़ा जनसैलाब
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के सुबह 9 बजे लखनऊ से रवाना होने के साथ ही स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। कई जगहों पर स्वागत मंच बनाए गए, वहीं कई स्थानों पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। पूरे मार्ग पर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। लगभग 160 किलोमीटर की यात्रा में भव्य स्वागत देखने को मिला। रामपुर खास में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र में आराधना मिश्रा ‘मोना’ और उनके परिवार के लंबे समय से चले आ रहे जमीनी जुड़ाव को प्रदर्शित किया।

'रामपुर खास से मेरा आत्मीय रिश्ता है': मोना
स्वागत से अभिभूत कांग्रेस पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष ने लालगंज के ऐतिहासिक इंद्रा चौक पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कहा, "प्रतापगढ़ और विशेष रूप से रामपुर खास के साथ मेरा राजनीतिक नहीं, बल्कि आत्मीय संबंध है। मेरे परिवार ने इस क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। मैं अपनी अंतिम सांस तक इस क्षेत्र के विकास और जनता के सम्मान के लिए आजीवन समर्पित रहूंगी। ये जमीन हमारे खून पसीने से सिंचित है और हमेशा हमारा खून पसीना जनता के लिए समर्पित है उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में बनने जा रही है हम सब मिलकर नफरत को मिटा देंगे।"

'सोनिया-राहुल ने रामपुर खास के समर्पण को सम्मान दिया'
राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि 1980 में इंद्रा गाँधी ने मुझे इसी लालगंज के चौक पर जनसभा कर समर्थन दिया था और जनता की सेवा का विश्वास लिया था जिस व्रत को हमारा पूरा परिवार आज भी निभा रहा है। कांग्रेस पार्टी की नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने आराधना कों प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया बल्कि रामपुर खास के लोगों के कांग्रेस के प्रति समर्पण को सम्मान देने का काम किया है।

लालगंज में उमड़ी भीड़, शाम तक चले कार्यक्रम
लखनऊ से प्रतापगढ़ तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अपनी नेता के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की। रामपुर खास में विशेष उत्साह देखने को मिला। लालगंज में आयोजित विशाल जनसभा के उपरान्त सायं तक चलने वाले कार्यक्रमों के आयेाजनों का सिलसिला थमा। आराधना मिश्रा ‘मोना’ के प्रथम आगमन के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। युवाओं, बुजुर्गों एवं महिलाओं की भारी उपस्थिति विशेष उल्लखनीय रही।

चुरुवा हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन
लखनऊ से प्रतापगढ़ जाते समय आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने चुरुवा स्थित पिपलेश्वर हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया। यहां बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालों में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी, रायबरेली जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य अंजलि पासी, रायबरेली नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद इल्यास, आर.के. सिंह, आयुष द्विवेदी, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अखिलेश मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में कांग्रेस, आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने मीडिया विभाग को दिए आक्रामक अभियान के निर्देश