प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जम्मू में फारूक अब्दुल्ला पर...

जम्मू में फारूक अब्दुल्ला पर हुआ जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे पूर्व मुख्यमंत्री

जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में बुधवार को एक शादी समारोह शामिल होने गए नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला हुआ है।

जम्मू में फारूक अब्दुल्ला पर हुआ जानलेवा हमला बाल-बाल बचे पूर्व मुख्यमंत्री

Assassination Attempt on Farooq Abdullah Foiled at Jammu Wedding |

जम्मू (जम्मू और कश्मीर)। जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में बुधवार को एक शादी समारोह शामिल होने गए नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला हुआ है। हालांकि वे इस घटना में बाल-बाल बच गए। हादसे के समय घटनास्थल पर उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी भी मौजूद थे।

आरोपी गिरफ्तार, जांच शुरू

पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना शहर के एक विवाह समारोह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई। अधिकारियों ने बताया कि गोली चलाने के संदेह में एक व्यक्ति को तुरंत हिरासत में ले लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। उपमुख्यमंत्री चौधरी ने पुष्टि की कि घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद सभी नेता सुरक्षित हैं। हालांकि, उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई और इसे एक गंभीर चूक बताया।

कमल सिंह के रूप में हुई आरोपी की पहचान

फारूक अब्दुल्ला की हत्या के प्रयास के आरोपी व्यक्ति को फिलहाल जम्मू के गंग्याल पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखा गया है।आरोपी की पहचान कमल सिंह के रूप में हुई है, जिसे ग्रेटर कैलाश क्षेत्र के रॉयल पार्क में आयोजित एक शादी समारोह में फारूक अब्दुल्ला को भरी हुई पिस्तौल से गोली मारने का कथित प्रयास करने के बाद गिरफ्तार किया गया था।

गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर पूछा हाल

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि उन पर हुए हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें फोन कर उनका हालचाल पूछा और उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी जान बचाने का श्रेय अपनी सुरक्षा टीम को दिया और इस बात पर जोर दिया कि कोई भी धर्म नफरत को बढ़ावा नहीं देता। उन्होंने जांच की भी मांग की।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बताया हत्या का प्रयास

वहीं, इस घटना के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने अपने पिता पर हुए हमले को हत्या का प्रयास बताया। उन्होंने सवाल किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा जेड+ सुरक्षा दिए जाने के बावजूद हमलावर उनके इतने करीब कैसे पहुंच पाया। उन्होंने हमले पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्रेटर कैलाश क्षेत्र के रॉयल पार्क में एक शादी समारोह में एक व्यक्ति ने उनके पिता फारूक अब्दुल्ला को गोली मारने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने हत्या के प्रयास को विफल कर दिया, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

हमले में कोई हताहत नहीं

मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। गोलीबारी की घटना के समय वे घटनास्थल पर मौजूद थे। पुलिस व्यवस्था के बारे में उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने आगे कहा, "पुलिस को जांच करनी चाहिए। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी," और उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

संसद में उठा फारूक अब्दुल्ला पर हमले का मुद्दा

कई सांसदों ने गुरुवार को संसद में जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले का मुद्दा उठाया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। खड़गे ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला की सुरक्षा को खतरा है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पहले एक पूर्ण राज्य था, और अब पुलिस केंद्र के नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि स्थानीय सुरक्षा बलों ने उनकी जान बचाई और पूछा, "क्या एनसी नेता की हत्या करना सरकार का इरादा है?"

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने दिया जांच का आश्वासन

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला चिंता का विषय और एक गंभीर मामला है। उन्होंने हमले की जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है और एनसी नेता की सुरक्षा बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के सवाल पर कहा कि, "हर मामले को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहिए।" उन्होंने सरकार के खिलाफ खड़गे के आरोपों की कड़ी आलोचना की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने की हमले की निंदा

जम्मू और कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने यहां एक निजी कार्यक्रम में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) प्रमुख फारूक अब्दुल्ला पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि हिंसा की ऐसी घटनाएं बेहद परेशान करने वाली हैं।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/bjp-shortlists-candidates-for-100-bengal-seats/148639

पश्चिम बंगाल चुनाव: भाजपा ने 100 सीटों के उम्मीदवारों पर बनाई सूची

Related to this topic: