औरंगाबाद (बिहार)। तालाब में डूबने से 36 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना देव थाना क्षेत्र के हाजिनगर गांव की है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी आनंद गौड़ के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, आनंद गौड़ का ससुराल हाजिनगर गांव में है। वह बीते दिनों अपनी पत्नी को ले जाने के लिए ससुराल आया था। बुधवार की देर शाम गांव के बाहर शौच के लिए गया।
गहरे पानी में डूबने से मौत
रात की अंधेरे में दिखाई नहीं पड़ा और अनियंत्रित होकर पैर फिसलने से तालाब में जा गिरा और गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में शोक व्याप्त है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। परिजनों ने बताया कि दो साल पहले आनंद की शादी हुई थी, छह माह का एक बच्चा है।
जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग
स्थानीय लोगों ने मृतक के आश्रितों के लिए जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने बताया कि तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः अंबेडकरनगर: सड़क पर गिरी शिक्षिका को अज्ञात वाहन ने कुचला, इलाज के दौरान मौत