बहराइच मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर रुपक इखे को सोनम वांगचुक के समर्थन में अकेले पैदल मार्च निकालने पर कॉलेज प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। प्राचार्य ने जांच के बाद यह कार्रवाई की।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। बहराइच में मेडिकल कॉलेज के एक जूनियर रेजिडेंट चिकित्सक ने दो दिन पूर्व शुक्रवार को सोनम वांगचुक के समर्थन में बैनर लेकर शहर की सड़कों पर अकेले पैदल मार्च किया था। इसका संज्ञान लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने नियमानुसार कार्रवाई की बात कहते हुए जांच टीम का गठन किया था। इस मामले में कालेज प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।
प्रशासन की सख्ती और निलंबन की कार्रवाई
मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट चिकित्सक डॉ. रुपक इखे, निवासी नाखुर, अमरावती (महाराष्ट्र), ने शुक्रवार शाम सोनम वांगचुक के समर्थन में संदेश लिखी टी-शर्ट पहनकर व हाथ में तख्ती लेकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने नगर के डिगिहा तिराहे से डीएम आवास तक अकेले पैदल मार्च किया। इसका एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें जूनियर डाक्टर ये कहते नजर आ रहे हैं कि वो सोनम वांगचुक की मुहिम में जुड़े हुए हैं। हम उनका समर्थन करते हैं। वीडियो के सामने आने के बाद इसका संज्ञान लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री ने चिकित्सक को निलंबित कर दिया है।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक को नहीं मिली राहत, दिल्ली हाई कोर्ट ने मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने की याचिका की खारिज