बहराइच में तेज रफ्तार रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में महिला परिचालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। बहराइच में रविवार सुबह लखनऊ-बहराइच मार्ग पर कोतवाली देहात क्षेत्र के टेड़वा बसंतपुर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में महिला परिचालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं।
करीब 25 यात्री बस में थे सवार
बताया गया कि रोडवेज बस कानपुर से बहराइच आ रही थी और उसमें करीब 25 यात्री सवार थे। सुबह करीब छह बजे टेड़वा बसंतपुर के पास बस की सड़क किनारे गिट्टी लदे डंपर से टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
चालक को झपकी आने की आशंका
हादसे के बाद चालक को नींद की झपकी आने की आशंका व्यक्त की जा रही है। घायल यात्री बाबूलाल प्रजापति ने भी चालक को झपकी आने की बात बताई है। हालांकि, पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
महिला परिचालक समेत चार गंभीर घायल
हादसे में महिला परिचालक मुमताज (44), संदीप यादव (19), बाबूलाल प्रजापति (30) और तिलकराम (18) गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। ड्यूटी पर तैनात ईएमओ डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि परिचालक मुमताज की हालत गंभीर बनी हुई है।
अन्य घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद भेजा घर
हादसे में घायल अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद पुलिस ने देर रात चलाया विशेष अभियान, विभिन्न अपराधों में 63 लोग गिरफ्तार