बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र में धान काटने खेत गई करीब 40 वर्षीय सुखना दो दिनों तक लापता रहीं, जिसके बाद गुरुवार सुबह उनका शव तालाब में मिला।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जनपद बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र में धान की कटाई करने खेत गई करीब 40 वर्षीय महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दो दिनों से लापता महिला का शव गुरुवार सुबह तालाब में उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
खेतों तथा आसपास के इलाकों में उनकी शुरू
मिली जानकारी के अनुसार, कैसरगंज थाना क्षेत्र के कोटवा बेरा काजी निवासी सुखना, पत्नी ननकू, 27 अक्टूबर को सुबह करीब आठ बजे धान काटने के लिए खेत गई थीं। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद पति ननकू और परिवार के अन्य सदस्यों ने खेतों तथा आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन महिला का कहीं पता नहीं चल सका।
28 अक्टूबर को गुमशुदगी की लिखित सूचना
काफी खोजबीन के बाद भी महिला की जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने 28 अक्टूबर को कैसरगंज थाने में उनकी गुमशुदगी की लिखित सूचना दी। इसके बाद से ही परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच गुरुवार सुबह स्थानीय राहगीरों की नजर तालाब में उतराते महिला के शव पर पड़ी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी
सूचना मिलते ही कैसरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। महिला की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच
इस घटना से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो दिनों तक लापता रहने के बाद महिला का शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ेंः त्योहारी मांग और सरकारी खर्च से FY27 की दूसरी छमाही में औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगी गति: UBI