प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

स्कूल जा रहे छात्र को शराब पिलाने का आरोप

12 साल के छात्र को बहला-फुसलाकर शराब पिलाने का आरोप, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

बांदा में कक्षा 6 के एक छात्र को कथित तौर पर जबरन शराब पिलाकर बेहोशी की हालत में खंडहर में छोड़ने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

12 साल के छात्र को बहला-फुसलाकर शराब पिलाने का आरोप परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

Class 6 Student Forced To Drink Alcohol Allegation In Banda |

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बिसंडा थाना क्षेत्र से सामने आई एक घटना ने हर मां-बाप को झकझोर कर रख दिया है। कक्षा 6 में पढ़ने वाले 12 वर्षीय छात्र को कथित तौर पर जबरन शराब पिलाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि शराब पिलाने के बाद आरोपी मासूम को बेहोशी की हालत में गांव के सुनसान खंडहर में छोड़कर फरार हो गया।

जबरन शराब पिलाने का लगाया आरोप

पीड़ित पिता के मुताबिक, 29 जुलाई की सुबह उनका बेटा रोज की तरह स्कूल के लिए निकला था। आरोप है कि रास्ते में गांव का ही एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और कथित रूप से जबरन शराब पिला दी। इसके बाद बच्चा बेहोश हो गया तो आरोपी उसे खंडहर में छोड़कर भाग निकला। आरोप यह भी है कि उसका स्कूल बैग भी दूर फेंक दिया गया।

जाति सूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप

जब बेटा देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। पूरे गांव में तलाश शुरू हुई। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने एक खंडहर में मासूम को बेहोश पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए ले गए। परिजनों का दावा है कि होश आने पर बच्चे ने कथित रूप से आरोपी का नाम लेते हुए जबरन शराब पिलाने, जाति सूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने की बात बताई।

पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर लगाई न्याय की गुहार

पीड़ित पिता का आरोप है कि चौकी और बिसंडा थाने में शिकायत देने के बावजूद न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। अब इस मामले में सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आरोपों की जांच के बाद क्या कदम उठाए जाते हैं। 

ये भी पढ़ें- महिलाओं ने अपने गहने गिरवी रखकर गौशाला की गायों के लिए की चारे की व्यवस्था, शासन ने नहीं दे रहा संचालन राशि
 

Related to this topic: