प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

उधार सामान देने से इंकार करने पर जला दी दुकान

उधार सामान देने से इंकार करने पर जला दी दुकान, तीन के खिलाफ केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में उधार सामान देने से इनकार करने पर विवाद के बाद दुकानदार की दुकान में आग लगने का मामला सामने आया है।

उधार सामान देने से इंकार करने पर जला दी दुकान तीन के खिलाफ केस दर्ज

सांकेतिक तस्वीर (फाइल फोटो) |

बांदा: जिले के बिसण्डा थाना क्षेत्र में उधार पर सामान देने से इनकार करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि पहले तीन युवकों ने दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और खुलेआम धमकी देते हुए कहा, "दुकान में आग लगा देंगे" और कुछ ही देर बाद दुकान धू-धू कर जल उठी। अब इस पूरे मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

20 मई की रात हुआ विवाद

पीड़ित किशोर कुमार उर्फ फक्की, निवासी ग्राम गड़ाव, ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 20 मई की रात वह अपनी दुकान पर बैठा था। तभी गांव के दीपक, पिंटू और गुड्डू वहां पहुंचे और उधार में सामान मांगने लगे। जब उसने उधार देने से इनकार किया तो तीनों भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्द कहे और जाते-जाते दुकान में आग लगाने की धमकी देकर चले गए।

तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज

पीड़ित के मुताबिक, वह दुकान बंद कर घर चला गया। कुछ देर बाद फोन पर सूचना मिली कि उसकी दुकान में आग लगी हुई है। वह तत्काल मौके पर पहुंचा तो देखा कि दुकान जल रही थी। आरोप है कि घटनास्थल के पास मौजूद तीनों आरोपी उसे देखकर मौके से भाग निकले। मामले की शिकायत के बाद न्यायालय ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद बिसण्डा पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

आरोपियों के खिलाफ की जाएगी वैधानिक

थानाध्यक्ष सीपी तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- न्याय की गुहार का अनोखा तरीका, आवेदनों की माला पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचा पीड़ित
 

Related to this topic: