बाराबंकी में साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने दुष्कर्म के दोषी को 12 वर्ष के सश्रम कारावास और 34 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पुलिस पैरवी और गुणवत्तापूर्ण विवेचना के परिणामस्वरूप बाराबंकी की अदालत ने दुष्कर्म से संबंधित मामले में दोषी को 12 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 34 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के निर्देशन में महिला संबंधी और जघन्य अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए लगातार प्रभावी पैरवी की जा रही है।
लोनीकटरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में हुई थी दुष्कर्म की घटना
पुलिस के अनुसार, लोनीकटरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में दुष्कर्म की घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की। तत्कालीन विवेचक निरीक्षक सुरेश कुमार वर्मा ने साक्ष्य संकलित करते हुए वैज्ञानिक विधि से विवेचना पूरी की और अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया।
मामले की सुनवाई कोर्ट नंबर-37 बाराबंकी में हुआ
मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश, कोर्ट नंबर-37, बाराबंकी में हुई। अभियोजन पक्ष ने साक्ष्य और गवाहों को प्रस्तुत किया। वहीं, पुलिस की मॉनीटरिंग सेल और पैरोकार ने प्रभावी पैरवी करते हुए अभियोजन की कार्यवाही में सहयोग किया। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त को दोषसिद्ध कर 12 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 34 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
दोषियों को सजा दिलाना ऑपरेशन कन्विक्शन का प्रमुख उद्देश्य
इस कार्रवाई में अभियोजन अधिकारी आदित्य सिंह, मॉनीटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक अमर बहादुर सिंह, महिला हेड कांस्टेबल प्रतिमा द्विवेदी, महिला हेड कांस्टेबल पूजा रानी पटेल, हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर, कांस्टेबल विजय बहादुर, नीरज कनौजिया, बृजेश कुमार, लोनीकटरा थाने के पैरोकार कांस्टेबल आलोक सिंह तथा कोर्ट मोहर्रिर हेड कांस्टेबल विजेंद्र कुमार सिंह और कांस्टेबल आकाश कुमार की भूमिका रही।पुलिस के मुताबिक, महिला संबंधी और जघन्य अपराधों में त्वरित विवेचना, साक्ष्य संकलन और प्रभावी अभियोजन के जरिए दोषियों को सजा दिलाना ऑपरेशन कन्विक्शन का प्रमुख उद्देश्य है।
यह भी पढ़ें: बिजनौर में किसान की गोली मारकर हत्या, ट्रैक्टर पर मिला शव; इलाके में मचा हड़कंप