प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही बैतूल की जनता

भरी गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही बैतूल की जनता, महिलाओं ने मटके फोड़कर जाहिर की नाराजगी

बैतूल के चिचोली में 15 दिनों से जारी पेयजल संकट को लेकर लोगों ने नगर परिषद कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। महिलाओं ने खाली मटके फोड़कर नाराजगी जताई।

भरी गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही बैतूल की जनता महिलाओं ने मटके फोड़कर जाहिर की नाराजगी

MP Protest News |

बैतूल: मध्य प्रदेश में बैतूल के चिचोली नगरीय क्षेत्र के तीन वार्डों में पिछले 15 दिनों से जारी पेयजल संकट से आक्रोशित क्षेत्रवासियों और कांग्रेसियों ने शनिवार को नगर परिषद कार्यालय चिचोली के सामने उग्र प्रदर्शन किया। सुबह लगभग 10 बजे बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं, पुरुष और कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथों में खाली मटके लेकर  नगर परिषद पहुंचे। 

महिलाओं ने मटके फोड़कर जाहिर की नाराजगी

परिषद कार्यालय के ठीक सामने महिलाओं ने मटके फोड़कर अपनी नाराजगी जाहिर की और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान भाजपा पार्षद से कांग्रेसियों की तीखी बहस भी हो गई। कांग्रेसियों ने भाजपा पार्षद पर क्षेत्रवासियों को धमकाने की बात का हवाला देकर जमकर हंगामा किया।

15 दिन से नहीं आ रहा पानी

​धरने पर बैठे क्षेत्रवासियों का कहना था कि बीते 15 दिन से तीन वार्डों में "नल-जल योजना" पूरी तरह बाधित है। बूंद-बूंद पानी के लिए लोग परेशान हो रहे हैं, लेकिन नगर परिषद के जिम्मेदार जन-प्रतिनिधि इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी नेताओं और वार्डवासियों ने नगर परिषद के जन-प्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

नगर परिषद की मुख्य नगरपालिका अधिकारी ज्योति सुनेरे मौके पर पहुंचीं

इस धरना प्रदर्शन में पूर्व पार्षद रूपेश आर्य, राहुल पटेल, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बटनू पटेल, हर्ष भुसारी, सैम आर्य, पार्षद रोहित आर्य सहित आधा सैकड़ा से अधिक कांग्रेसी और तीनों वार्डों के दर्जनों महिला-पुरुष नागरिक शामिल हुए। लगभग दो घंटे चले इस गहमा-गहमी भरे माहौल के बीच नगर परिषद की मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) ज्योति सुनेरे खुद मौके पर पहुंचीं। उन्होंने धरना दे रहे वार्डवासियों और कांग्रेसी नेताओं से सीधे बातचीत की।

धरने से हटे क्षेत्रवासी

मुख्य नगरपालिका अधिकारी ज्योति सुनेरे ने जल प्रदाय प्रभावित होने पर जल्द ही पानी की व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू करने का ठोस आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेसी और आक्रोशित क्षेत्रवासी धरने से हट गए हैं।

ये भी पढे़ें- एक ही लड़की के नाम पर 13 युवकों से लाखों की ठगी, सगाई-फलदान के बहाने नकदी और जेवर लेकर फरार गिरोह
 

Related to this topic: