भिंड जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिंड की सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने होम डिलीवरी करने वाले शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
भिंड {मध्य प्रदेश}: जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिंड की सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने होम डिलीवरी करने वाले शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के दोस्त के घर से करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की महंगी ब्रांडेड अवैध शराब बरामद की है, साथ ही एक बाइक भी जब्त की है।
मेला ग्राउंड से पकड़ा गया पहला आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेला ग्राउंड के पास एक व्यक्ति बैग में शराब रखकर डिलीवरी के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर बैग से देशी प्लेन शराब के 20 पाव, रॉयल स्टैग की 750 एमएल की बोतल और हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई।
दोस्त के घर के कमरे और बाथरूम से मिला शराब का जखीरा
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर मांग के अनुसार अलग-अलग जगहों पर शराब की सप्लाई करता है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस बालाजी नगर स्थित उसके साथी के घर पहुंची। वहां ऊपरी मंजिल के कमरे और बाथरूम में छिपाकर रखा गया अंग्रेजी शराब और बीयर का भारी स्टॉक बरामद हुआ।
ये ब्रांड हुए बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में ICONIQ व्हाइट, SMIRNOFF MINTY ZAMON, AFTER DARK BLUE, MAGIC MOMENTS, ROYAL STAG, MACDOWELL'S, BLENDERS PRIDE, SIGNATURE समेत KINGFISHER और BUDWEISER बीयर शामिल हैं।
पुलिस रिमांड में खुलेंगे कई और राज
पुलिस ने शराब और वाहन को विधिवत जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शराब के मुख्य स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े कई और लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: वाराणसी में बारिश का कहर, अलग-अलग हादसों में पांच की मौत; दो घायल