बिहार के औरंगाबाद में देर रात एक सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए।
औरंगाबाद (बिहार): देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ के पास एनएच-139 पर हुआ, जहां एक यात्री बस और ट्रक-ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हो गई। बताया जाता है कि आंध्र प्रदेश से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भरी बस बोधगया से काशी जा रही थी।
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
इसी दौरान भेड़िया के पास बस चालक द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक-ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बस सवार तीन यात्रियों की मौके पर हुई मौत
हादसे में बस सवार तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के नेल्लूर जिले के संगमा गांव निवासी हज़रतया, फातमावती और पशुलेट वेंकटेश के रूप में की गई है। वहीं करीब 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर रूप से घायल आठ यात्री रेफर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, राहगीर और मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद आठ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक-ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है।