भोजपुरी के पावर स्टार और बीजेपी के एमएलसी उम्मीदवार पवन सिंह आज नामांकन दाखिल कर दिया।
पटना: भोजपुरी के पावर स्टार और बीजेपी के एमएलसी उम्मीदवार पवन सिंह आज नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन बिहार विधानसभा पहुंचे और नामांकन पर्चा दाखिल किया। बिहार विधान परिषद् की नौ सीटों पर चुनाव और एक सीट पर उप चुनाव के लिए आज नामांकन का अंतिम दिन है।
'माननीय' बनेंगे पावर स्टार पवन सिंह
भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह भी अब माननीय होने जा रहे हैं। सोमवार को बिहार विधान परिषद् में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सुनिश्चित सीट से नामांकन दाखिल करते ही वह 'माननीय' की कतार में खड़े हो जाएंगे। निर्विरोध स्थिति है, इसलिए सिर्फ जीत की औपचारिक घोषणा का इंतजार ही होगा।
20 जून से पहले 'माननीय' हो जाएंगे
बिहार विधान परिषद् के चुनाव के लिए मंगलवार को नाम वापसी का दिन है। वोटिंग की स्थिति आने पर 18 को मतदान की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 20 जून से पहले पवन सिंह समेत एनडीए के सभी और महागठबंधन के इकलौते प्रत्याशी को विजेता घोषित कर दिया जाएगा। सभी नौ प्रत्याशियों का कार्यकाल 2032 तक होगा। जबकि, उप चुनाव वाले प्रत्याशी ललन कुमार का कार्यकाल 2030 तक होगा।
एनडीए के सभी नौ प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
एनडीए में शामिल बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी (आर) के सभी नौ उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया है। नामांकन भरने वालों में बीजेपी से पवन सिंह, संजय मयूख, शीला पंडित और अनिल ठाकुर शामिल हैं। जेडीयू से निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद ने पर्चा दाखिल किया है। वहीं, एलजेपी (आर) से अशरफ अंसारी को टिकट दिया गया है।