प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

बिहार में नकली मिठाइयों की दुकान पर की गई छापेमारी

Bihar News: मिठाइयों के शौकीन हो जाएं सावधान, हो रहा आपकी जिंदगी से खिलवाड़

देशभर से खाने-पीने के सामान में मिलावट की खबरें आना अब आम सा हो गया है. एक ऐसा ही मामला अब बिहार में औरंगाबाद के दाउदनगर से सामने आया है जहां कुछ दुकानों से मिलावटी मिठाइयों को नष्ट किया गया है.

bihar news मिठाइयों के शौकीन हो जाएं सावधान हो रहा आपकी जिंदगी से खिलवाड़

मिठाइयों में मिली मिलावट |

औरंगाबाद (बिहार): सर्वोच्च न्यायालय के आदेश एवं जिला प्रशासन के निर्देश का अनुपालन करते हुए उपभोक्ताओं को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औरंगाबाद के दाउदनगर में विशेष जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, औरंगाबाद के निर्देश पर संचालित किया गया.

खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं मिठाइयां 

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में गठित की गई टीम द्वारा दाउदनगर के मौलाबाग स्थित मिठाई, तिलकुट की दुकानों सहित लगभग एक दर्जन होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया. अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, परिसर की साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत निर्धारित मानकों की विस्तृत जांच की गई. निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप मिठाइयां नहीं पाई गईं. ऐसी मिठाइयों को टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट कराया गया. 

लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार की जाएगी कार्रवाई 

फिलहाल संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को भविष्य में मानकों का कड़ाई से पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई है. अनुपालन न करने पर कड़ी विधिक कार्रवाई करने की भी बात कही गई है. कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं. लैब रिपोर्ट मिलने के बाद मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

आगे भी जारी रहेगी जांच प्रक्रिया

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अजय कुमार ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना है. उन्होंने कहा कि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं मिठाई दुकानों की नियमित एवं आकस्मिक जांच का क्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा.

इन कागजों की एक्सपाइयरी डेट की भी होगी जांच

जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अजय कुमार के साथ डाटा एंट्री ऑपरेटर मनीष कुमार गौतम एवं विभाग के अन्य कर्मी शामिल रहे. खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता एवं गुणवत्ता का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने की अपील की है. इसके साथ ही उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि खाद्य पदार्थ क्रय करते समय एफएसएसएआई लाइसेंस/पंजीकरण संख्या एवं निर्माण-समाप्ति तिथि अवश्य देखें.

ये भी पढ़ें- NEET-PG 2026: 30 अगस्त को होगी परीक्षा, NMC ने छात्रों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की
 

Related to this topic: