आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना में बाइक सवार युवक की पत्थर लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सिरोही (राजस्थान)। आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना में बाइक सवार युवक की पत्थर लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
घर लौटते समय हुआ हमला
सदर थानाधिकारी प्रदीप डांगा ने बताया कि पारसी चाल, आबूरोड निवासी प्रदीप सोनी पुत्र जयंतिलाल सोनी सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ देलदर गांव से आबूरोड लौट रहा था। सभी युवक अलग-अलग बाइक पर सवार होकर घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान फेरना तालाब के समीप मुख्य मार्ग पर अज्ञात लोगों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी।
सिर में पत्थर लगने से गई जान
पत्थर सीधे प्रदीप सोनी के सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। साथियों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल राजकीय चिकित्सालय आबूरोड पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मचा मातम, पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जमा हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है तथा स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
यह भी पढ़ें: सुगौली में बेहोशी की हालत में मिला अज्ञात युवक, नशाखुरानी की आशंका