समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में कानून और संविधान से काम नहीं हो रहा है।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में कानून और संविधान से काम नहीं हो रहा है। जब तक भाजपा सरकार रहेगी, कानून से काम नहीं होगा। सरकार मनमर्जी से काम कर रही है और पुलिस को खुली छूट है। उन्होंने कहा कि गुण्डा एक्ट लगाने को लेकर हाईकोर्ट ने जो कहा है, वह बेहद गंभीर है। भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र विरोधी है तथा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है।
झूठे मुकदमों और वीडियो के जरिए विपक्ष को बदनाम करने का आरोप
रविवार को मीडिया से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कानूनों का दुरुपयोग तो कर ही रही है, लोगों पर झूठे मुकदमे लगाकर प्रताड़ित कर रही है। विपक्ष को बदनाम करने के लिए सत्ता का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने के लिए भयंकर वीडियो बनवा रही है और बदनाम करा रही है। हाईकोर्ट को इसका स्वतः संज्ञान लेना चाहिए। वीडियो बनवाने वाले अधिकारी पर भी एक महिला ने आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि महिला आयोग को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए, लेकिन वह नहीं ले रहा है।
पंचायत सहायकों और प्रदर्शन कर रहे संगठनों को लेकर सरकार पर निशाना
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि पंचायत सहायक से लेकर जितने भी साथी और संगठन धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, भाजपा सरकार ने उन सबको धोखा दिया है। सभी का समय बर्बाद किया है। सरकार ने सबसे काम लिया और उन्हें अपमानित किया। उन्होंने सभी से मिलकर भाजपा को सत्ता से हटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में ग्राम स्तर की नौकरियों की विसंगतियों को दूर किया जाएगा। समाजवादी सरकार आने पर आउटसोर्स की व्यवस्था बंद कर पक्की नौकरी दी जाएगी और नौकरियों में वेतन विसंगतियां दूर की जाएंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा सरकार पर हमला
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है और स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही चरम पर है। मरीज इलाज के लिए जाते हैं तो दवा दूसरी बीमारी की दे दी जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार जीडीपी को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है। झांसी में एक व्यक्ति अपनी पत्नी का दवा-इलाज नहीं करा पाया। मौत के बाद दाह संस्कार के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने लाश को नदी में बहा दिया।
एमएसएमई सेक्टर की बदहाली का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने एमएसएमई सेक्टर को बर्बाद कर दिया है। लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित औद्योगिक क्षेत्र और कानपुर के औद्योगिक क्षेत्र को भी बर्बाद कर दिया गया है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार बाहर से इतना सामान आयात कर रही है तो यहां का एमएसएमई सेक्टर कैसे चलेगा?
सवाल पूछने की आजादी नहीं: अखिलेश यादव
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी है। सरकार विकसित भारत के सपने दिखा रही है, लेकिन कोई इस सरकार से सवाल नहीं पूछ सकता। अगर कोई सवाल पूछता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो जाती है। धमकी दी जाती है और प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अहंकार में है। अगर कोई गांव, शहर या स्कूल की समस्या सामने लाता है तो भाजपा सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई कराती है। भाजपा सरकार में लोगों को सवाल पूछने की आजादी नहीं है। लोकतंत्र में सवाल पूछने की आजादी तो होनी ही चाहिए।
समिट को लेकर सरकार से पूछे सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे देश के लोग दुनिया भर में कई समिट में गए हैं। देखना चाहिए कि पर्यावरण, कृषि और स्पेस टेक्नोलॉजी में कितनी उपलब्धि मिली है। अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर में क्या लाभ मिला है और डिजिटल क्षेत्र में क्या हुआ है? उन्होंने कहा कि अर्बन स्ट्रक्चर में सरकार फेल है और हर शहर जाम में रहता है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर सरकार ने क्या काम किया? नदियां कितनी साफ हुईं? उन्होंने कहा कि केवल समिट हो जाना, कुछ देशों के नेता आ जाएं, पर्दे लगाकर चीजों को छिपाकर सिर्फ चर्चा हो जाए, उससे क्या लाभ हुआ? आम जनता से जुड़ी समस्याएं हल होनी चाहिए और लोगों को लाभ मिलना चाहिए।
किसानों को खाद-बीज और फसलों की सही कीमत का मुद्दा उठाया
श्री अखिलेश यादव ने सरकार से सवाल किया कि कृषि क्षेत्र में वह कहां तक पहुंची है। सरकार बताए कि किसानों को किस फसल की सही कीमत दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को खाद-बीज उपलब्ध नहीं करा पा रही है। आलू, गन्ना, मक्का समेत किसी फसल की सही कीमत नहीं मिल रही है।
ये भी पढ़ें: मिर्जापुर में विकास योजनाओं की समीक्षा, अंतिम पायदान तक लाभ पहुंचाने के निर्देश