पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों के रुझानों के साथ ही मध्य प्रदेश सहित देशभर के भाजपा कार्यालयों में उत्सव का माहौल है।
भोपाल/ग्वालियर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों के रुझानों के साथ ही मध्य प्रदेश सहित देशभर के भाजपा कार्यालयों में उत्सव का माहौल है। जानकारी के अनुसार, भाजपा 5 राज्यों में से 3 राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बन रही है।
यह राष्ट्रवाद और लोकतंत्र की जीत- CM मोहन यादव
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को ग्वालियर प्रवास पर रहे। ग्वालियर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने पाँच राज्यों के चुनाव पर बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने भाजपा की बढ़त को राष्ट्रवाद और लोकतंत्र की जीत करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति को चुना है। यह परिणाम दर्शाते हैं कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी नीतियों पर अटूट विश्वास रखती है।
विपक्ष पर तीखा हमला, लोकतंत्र का सम्मान
डॉ. यादव ने अपने बयान में राहुल गांधी और टीएमसी (TMC) पर भी सीधा निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष की नकारात्मक राजनीति और संस्थानों पर सवाल उठाने की मानसिकता की आलोचना की। उन्होंने पश्चमि बंगाल में भाजपा की जीत को लोकतंत्र की मजबूती बताते हुए कहा कि जनता ने बांटने वाली राजनीति को नकार कर एकजुट भारत के संकल्प को जीत दिलाई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। ग्वालियर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत भी किया। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच 'झालमुड़ी' बांटी गई। जीत के करीब पहुँचते ही भाजपा के दिग्गज नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भावुक नजर आए। उन्होंने इस जीत को कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।
शिवराज सिंह ने कहा, एक संकल्प पूरा हुआ
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "आज एक संकल्प पूरा हुआ।" उन्होंने पार्टी की नीतियों और जनता के भरोसे को इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय दिया। भाजपा के कार्यालयों में ढोल-नगाड़ों की गूंज है और कार्यकर्ता इसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और विकास की जीत बता रहे हैं।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/who-will-be-west-bengals-next-cm-speculation-intensifies-in-bjp/182690
पश्चिम बंगाल में कौन बनेगा मुख्यमंत्री? भाजपा में नामों को लेकर तेज अटकलें