नागौद में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। इस बीच नागौद से भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह के घर में भी पानी भर गया।
नागौद: मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मैहर-सतना क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस भीषण जलभराव की चपेट में नागौद से भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह का आवास भी आ गया है। पिछले 24 घंटे से भी अधिक समय से पूरा मकान पानी से घिरा हुआ है, जिससे विधायक और उनका परिवार घर की दूसरी मंजिल पर कैद होने को मजबूर है।
घर के ग्राउंड फ्लोर पर भरा पानी
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, विधायक आवास के ग्राउंड फ्लोर में पानी पूरी तरह भर चुका है। घर के अंदर रखा कीमती सामान, फर्नीचर और दैनिक उपयोग की सामग्रियां पानी में तैरती नजर आ रही हैं। जलस्तर इतना बढ़ गया है कि परिवार तक खाने-पीने की दैनिक सामग्रियां और राहत पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
निर्माण कार्यों को लेकर खड़ा हुआ नया विवाद
इस घटना के बाद शहर में नदी के किनारे हुए निर्माण कार्यों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। जलभराव के इस मंजर ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और नगर नियोजन (टाउन प्लानिंग) पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और आलोचकों का कहना है कि नदी के कैचमेंट एरिया और तटीय इलाकों में अनियंत्रित निर्माण के कारण ही जल निकासी बाधित हुई है, जिसका खामियाजा अब जनप्रतिनिधियों तक को भुगतना पड़ रहा है।
नियमानुसार ही हुआ मकान का निर्माण
जलभराव के बीच निर्माण को लेकर उठ रहे सवालों पर विधायक नागेंद्र सिंह का बयान भी सामने आया है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि मकान का निर्माण नियमानुसार ही किया गया था। नगर निगम ने पूरी जांच-पड़ताल और प्रक्रिया के बाद ही निर्माण की आधिकारिक अनुमति (परमिशन) जारी की थी। फिलहाल, प्रशासनिक टीम मौके का जायजा ले रही है। इलाके में जल निकासी के साथ-साथ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
ये भी पढ़ें- यमन के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ के बाद ताशकंद रवाना होगी भारत U-20 टीम, 31 अगस्त से क्वालीफायर