सुपौल जिले के सरायगढ़ भपटियाही अंचल क्षेत्र में मंगलवार को कोसी नदी की एक उप शाखा में नाव हादसा हो गया। नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार बताए जा रहे हैं।
सुपौल (बिहार)। सुपौल जिले के सरायगढ़ भपटियाही अंचल क्षेत्र में मंगलवार को कोसी नदी की एक उप शाखा में नाव हादसा हो गया। नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि करीब 20 से 25 लोग नाव से खेत-खलिहान की ओर जाने के लिए नदी पार कर रहे थे।
जलस्तर कम होने से टला बड़ा हादसा
इसी दौरान एक किनारे से दूसरे किनारे पहुंचते समय नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। राहत की बात यह रही कि नदी में जलस्तर कम रहने के कारण बड़ा हादसा टल गया और स्थानीय लोगों व प्रशासन की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में घायल 6 लोगों को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 4 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से खोजबीन अभियान भी चलाया गया। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: जमुई में दिनदहाड़े ₹8 लाख की लूट, विरोध करने पर दो कर्मचारियों को चाकू मारकर किया घायल