राजस्थान के बूंदी शहर के ब्रह्मपुरी इलाके में एक मकान के बंद कमरे में 40 वर्षीय हनीफ और उनकी 38 वर्षीय पत्नी रोशन के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई।
बूंदी (राजस्थान)। शहर के ब्रह्मपुरी इलाके में रविवार सुबह एक मकान के बंद कमरे में पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलकर देखा गया तो महिला फंदे पर लटकी हुई थी, जबकि पति जमीन पर मृत अवस्था में मिला। पति के हाथ पर चोट के निशान भी बताए गए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य ने बताया कि मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय हनीफ और 38 वर्षीय रोशन के रूप में हुई है।
मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं
प्रथम दृष्टया में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल और मेडिकल टीम को बुलाया। घटनास्थल की जांच के बाद दोनों शवों को बूंदी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों की ओर से संदेह जताए जाने पर दोनों शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया।
मृतकों का 9 माह का बच्चा
परिवार के सदस्य नूर मोहम्मद ने बताया कि सुबह पड़ोसियों से कमरे का दरवाजा बंद होने और अंदर से कोई आवाज नहीं आने की सूचना मिली थी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दंपती का 9 माह का बच्चा भी है। दोनों की मौत के बाद मासूम के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः खेत देखने गए 39 वर्षीय युवक को जहरीले सांप ने काटा, इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत