ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान 2 से 20 अगस्त तक 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाएगा।
आबूरोड: राजस्थान के ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा देशभर में 2 अगस्त से 20 अगस्त तक 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने का महाअभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का राष्ट्रव्यापी वर्चुअल शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को सुबह 10:30 बजे करेंगे। प्रधानमंत्री देशभर में आयोजित हजारों कार्यक्रमों को वर्चुअली संबोधित करेंगे। अभियान को लेकर गुरुवार को ब्रह्माकुमारीज़ के शांतिवन मुख्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
सेवाकेंद्र और पाठशालाओं में आयोजित किए जाएंगे नशामुक्ति कार्यक्रम
पत्रकार वार्ता में ब्रह्माकुमारीज़ के अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि यह अभियान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत देशभर के 6 हजार से अधिक सेवाकेंद्रों और 50 हजार पाठशालाओं में नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा शांतिवन सहित अहमदाबाद, लखनऊ, नागपुर, रायपुर, मदुरई, पानीपत, कोलकाता, अगरतला, हैदराबाद, गुवाहाटी और गोवा सहित प्रमुख स्थानों पर मेगा कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें संबंधित राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
संस्थान देशभर में चला रहा जनजागरण अभियान
उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त समाज का निर्माण आवश्यक है। इसी उद्देश्य से संस्थान देशभर में जनजागरण अभियान चला रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार भी वर्चुअली संबोधित करेंगे।
अभियान के दौरान लोगों को दिलाई जाएगी नशामुक्ति की शपथ
अभियान के दौरान स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, सामाजिक संस्थाओं, सरकारी एवं निजी कार्यालयों, उद्योगों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। हर कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के लिए विशेष क्यूआर कोड आधारित डिजिटल प्रणाली तैयार की गई है, जिससे प्रतिभागियों और कार्यक्रमों का पूरा डाटा संकलित कर भारत सरकार को भेजा जाएगा। मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में ब्रह्माकुमारीज़ ने भारत सरकार के सहयोग से 30,775 कार्यक्रमों के माध्यम से 3.16 करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया है।
ये भी पढ़ें- संगम में मां गंगा ने कराया लेटे हनुमान जी को पावन स्नान