भारत मंडपम में जुटेंगे कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी; लोगों को मेट्रो से सफर करने की सलाह
नई दिल्ली: भारत मंडपम में BRICS Summit 2026 का आयोजन होने जा रहा है। 11 से 13 सितंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रधानमंत्री और डेलीगेट्स के शामिल होने की उम्मीद है। वीआईपी काफिलों की लगातार आवाजाही को देखते हुए दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए इन तीन दिनों के दौरान कई इलाकों में ट्रैफिक नियमों में बदलाव किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुल 22 डायवर्जन पॉइंट्स और 35 से ज्यादा सड़कों को नियंत्रित करने को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
इन प्रमुख सड़कों से गुजरने से बचें
पुलिस ने वाहन चालकों को 11 से 13 सितंबर के बीच नियंत्रित किए गए रास्तों पर जाने से बचने की सलाह दी है। इनमें मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, टी-पॉइंट-लोधी रोड फ्लाईओवर, तीस जनवरी मार्ग, जनपथ, सत्य मार्ग, पृथ्वी राज रोड, फिरोज शाह रोड, अशोका रोड, तुगलक रोड, नीता गुंबद, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू शामिल हैं। इसके अलावा ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, शांति पथ, शेरशाह सूरी मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, तिलक मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, कर्तव्य पथ, पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड और न्याय मार्ग पर भी ट्रैफिक नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है।
भारत मंडपम के आसपास कड़े ट्रैफिक नियम
BRICS सम्मेलन का मुख्य केंद्र भारत मंडपम, प्रगति मैदान है। यहां वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए आसपास के प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक व्यवस्था सख्त रहेगी।
इन रास्तों पर विशेष रूप से ट्रैफिक प्रतिबंध या डायवर्जन लागू हो सकता है:
- मथुरा रोड
- भैरों मार्ग
- तिलक मार्ग
- शेरशाह रोड और पुराना किला रोड
- सरदार पटेल मार्ग
- अकबर रोड और जनपथ
- इंडिया गेट का C-Hexagon
- मंडी हाउस
- रिंग रोड के कुछ हिस्से
मेट्रो से सफर करने की सलाह
BRICS Summit के दौरान दिल्ली मेट्रो की किसी भी लाइन को पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा। सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। हालांकि, सुरक्षा कारणों से सुप्रीम कोर्ट (प्रगति मैदान) और केंद्रीय सचिवालय जैसे नई दिल्ली के कुछ प्रमुख स्टेशनों के चुनिंदा गेट अस्थायी रूप से बंद किए जा सकते हैं या एंट्री-एग्जिट को नियंत्रित किया जा सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सड़क मार्ग के बजाय अधिक से अधिक मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए खास सलाह
अगर आप 11 से 13 सितंबर के बीच एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने की योजना बना रहे हैं तो घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें। सड़क मार्ग के बजाय दिल्ली मेट्रो को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। खासकर एयरपोर्ट जाने वाले यात्री एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
यात्रियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि BRICS Summit के दौरान जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक रूप से नियंत्रित मार्गों पर जाने से बचें। वीआईपी काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ रास्तों पर थोड़े समय के लिए ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। इसलिए यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़: काम के दौरान करंट की चपेट में आया 14 वर्षीय किशोर, मौत के बाद 5 घंटे सड़क जाम