वैशाली में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने से 7 मजदूर घायल हो गए। तीन मजदूरों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है, जबकि अन्य खतरे से बाहर हैं।
वैशाली (बिहार)। भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत पटना से बेतिया तक जाने वाली फोर लेन सड़क पर निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने से 7 मजदूर घायल हो गए। इनमें से तीन मजदूरों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है, जबकि बाकी मजदूर खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।घटना लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव स्थित सती स्थान के पास उस समय हुई, जब पुल निर्माण का कार्य चल रहा था। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने कंपनी पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया।
लॉन्चर के नीचे दबे मजदूर को दो घंटे बाद निकाला
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी के अधिकारी और इंजीनियर मौके से भाग खड़े हुए। इसके बाद छोटे कर्मचारियों ने ही घायलों को बाहर निकाला। लॉन्चर के नीचे दबे एक मजदूर को करीब दो घंटे बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल मजदूर को लालगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे भी बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव को लेकर भी सवाल उठाए गए।
मौके पर एंबुलेंस और आपातकालीन व्यवस्था नहीं
ग्रामीणों के मुताबिक, हजारों करोड़ रुपये की लागत से इतने बड़े प्रोजेक्ट के तहत सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बावजूद मौके पर कंपनी की ओर से कोई एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी और न ही आपातकालीन हालात से निपटने के लिए कोई व्यवस्था नजर आई।इसको लेकर कंपनी की ओर से उपलब्ध कराए गए सुरक्षा मानकों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
फ्रंट सपोर्ट फेल होने से हादसे का दावा
घायल मजदूरों ने बताया कि लॉन्चर का फ्रंट सपोर्ट फेल हो जाने के कारण हादसा हुआ। उनके मुताबिक, इसी वजह से निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिर गया और उसकी चपेट में मजदूर आ गए। बताया गया कि भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत एनएच-139 डब्ल्यू फोर लेन सड़क का निर्माण एकलव्य कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। इसी दौरान निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने से यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़े: रीवा बस स्टैंड पर महिला का पर्स चोरी कर भाग रही चोरनी गिरफ्तार, साथी फरार