जनपद बुलंदशहर के थाना जहांगीराबाद पुलिस और स्वाट टीम देहात ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में फरार बाइक सवार बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
बुलंदशहर: जनपद बुलंदशहर के थाना जहांगीराबाद पुलिस और स्वाट टीम देहात ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में फरार बाइक सवार बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ ग्राम जलीलपुर से औरंगाबाद जाने वाले मार्ग पर हुई।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
पुलिस के अनुसार, बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई क्रॉस फायरिंग के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर बाइक, दो जोड़ी पाजेब और एक जोड़ी बिछुआ बरामद किए हैं।
पिंकल के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे
घायल बदमाश की पहचान पिंकल, निवासी ग्राम रामगढ़, थाना औरंगाबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पिंकल एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली, मथुरा तथा बुलंदशहर के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, लूट और चोरी समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
29 जून की चोरी का था वांछित आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 29 जून को थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के एक विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उसी मामले में वह फरार चल रहा था। मुठभेड़ में घायल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े: गाजियाबाद: ट्रॉनिका सिटी की गत्ता व पेपर रोल फैक्ट्री में भीषण आग, 10 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं