गाजियाबाद में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मजार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया है।
गाजियाबाद: दिल्ली-एनसीआर के गाजियाबाद में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मजार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया है। ये अवैध मजार लोनी के ट्रॉनिका सिटी इलाके में यूपीसीडा की जमीन पर सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट में बनी थी। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
यूपीसीडा की जमीन पर अवैध रूप से बनी थी मजार
अधिकारियों के अनुसार, ये मजार यूपीसीडा की जमीन पर अवैध रूप से निर्मित थी। यूपीसीडा ने पूर्व में मजार को हटाने के निर्देश दिए थे। लेकिन, निर्देशों के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया।
अधिकारियों की मौजूदगी में हटाया गया अतिक्रमण
डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी और एडीएम दीपक सिंघलवाल के नेतृत्व में ये कार्रवाई की गई। अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध निर्माण को हटाया गया और इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
नियमानुसार की गई कार्रवाई- डीसीपी
डीसीपी ने बताया कि यूपीसीडा की जमीन पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से की गई।
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं- एडीएम
एडीएम दीपक सिंघलवाल ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यूपीसीडा के निर्देशों के अनुपालन में ये कार्रवाई की गई है। आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।