डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर क्षेत्र में हनुमानगढ़-किशनगढ़ मेगा हाईवे पर डारापुरा गांव के पास एक बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई।
राजस्थान: डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर क्षेत्र में हनुमानगढ़-किशनगढ़ मेगा हाईवे पर डारापुरा गांव के पास एक बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 6 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस परबतसर, मकराना और बागोट की सहायता से घायलों को उपचार के लिए परबतसर उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू किया।
6 घायलों की हालत गंभीर, अजमेर रेफर
सीएमएचओ डॉ नरेंद्र चौधरी ने बताया कि हादसे में कुल 17 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 6 यात्रियों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए अजमेर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
परबतसर से चौमू जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, बस परबतसर से चौमू जा रही थी, इसी दौरान डारापुरा गांव के पास ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़े हो गए, जिससे मेगा हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराने में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। परबतसर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़: अमनौर में तेज रफ्तार अपाची की टक्कर से 15 वर्षीय छात्र की मौत, बाइक सवार गंभीर