राजस्थान में बीते कुछ समय से 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान चल रहा है. इसके तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है.
झालावाड़: राजस्थान में चल रहे 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत झालावाड़ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैफिनेटेड बेवरेज रेड बुल की 339 कैन सीज कर दीं। विभाग ने उत्पाद का नमूना जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा है और लेबल पर किए गए दावों की भी जांच कराई जाएगी।
श्री सांवलिया जी सेल्स का किया निरीक्षण
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने पुलिस लाइन स्थित मै. श्री सांवलिया जी सेल्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान पर 15 पैकेट में कुल 360 कैन (250 मि.ली.) विक्रय के लिए रखी मिलीं। निरीक्षण में उत्पाद के लेबल पर "Energy Drink" और "Vitalizes Body and Mind" जैसे दावे अंकित पाए गए।
एक नमूना लेकर 339 कैन मौके पर की गईं सीज
विभाग के अनुसार, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के प्रावधानों के तहत इन दावों की वैधानिक जांच आवश्यक है। इसी आधार पर एक नमूना लेकर शेष 339 कैन मौके पर ही सीज कर दी गईं। डॉ. साजिद ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट और लेबल जांच के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंस में मिली अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस में व्यवसाय स्थल का पूरा पता दर्ज नहीं मिला। इसके साथ ही पूर्व के एक मिथ्या छाप (Misbranding) प्रकरण में लगाया गया जुर्माना भी जमा नहीं कराया गया था। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को लाइसेंस में आवश्यक संशोधन कराने और बकाया जुर्माना जमा करने के निर्देश दिए हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर निर्देशों की पालना नहीं की गई तो न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार खाद्य लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि जिले में मिलावटी एवं भ्रामक प्रचार वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- बैतूल में ABVP का फूटा गुस्सा, 13 वर्षीय बच्ची से दरिंदगी के विरोध में आरोपियों का पुतला फूंका