प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पहाड़ियों में गांजे की खेती का भंडाफोड़

दुर्गम पहाड़ियों में चल रही थी गांजे की खेती, पुलिस ने एक करोड़ से अधिक का गांजा पकड़ा, दो गिरफ्तार

अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर सिरोही पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रोहिड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

 दुर्गम पहाड़ियों में चल रही थी गांजे की खेती पुलिस ने एक करोड़ से अधिक का गांजा पकड़ा दो गिरफ्तार

Cannabis Farm Busted in Hills, Two Arrested |

सिरोही: जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर सिरोही पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रोहिड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश करते हुए चार अलग-अलग खेतों से कुल 1548.484 किलोग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत चार प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।

'ऑपरेशन नेत्र' के तहत हुई कार्रवाई

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय सिंह राठौड़ के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नेत्र' के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार, पुलिस उप अधीक्षक वृत्त पिण्डवाड़ा तथा रोहिड़ा थानाधिकारी ओमकरण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई की।

चार खेतों में छिपाकर उगाए जा रहे थे गांजे के पौधे

पुलिस के अनुसार टीम ने क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाते हुए चार अलग-अलग खेतों में मक्का, अरंडी एवं वरियाली की फसल के बीच छिपाकर उगाए जा रहे गांजे के पौधों का पता लगाया। पुलिस ने मौके से बीज सहित कुल 1548.484 किलोग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए। कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत चार अलग-अलग मामले दर्ज कर खेत मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में मुकेश कुमार पुत्र भोजाराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी केदार पादर तथा सुनील कुमार उर्फ सुनील पुत्र लस्साराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी केदार पादर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी रोहिड़ा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से गांजे की खेती से जुड़े अन्य लोगों, मादक पदार्थों की सप्लाई और इस अवैध कारोबार के नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी सघन तलाशी अभियान जारी रहेगा।

एक करोड़ से अधिक कीमत का गांजा जब्त

इस पूरी कार्रवाई में जब्त किए गए हरे गांजे की कीमत करीब एक करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गांजे की खेती सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल है।

ये भी पढ़ें: पेंशन रुकने की अब नहीं होगी परेशानी, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Related to this topic: