पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर देर रात एक सड़क हादसे में एक कार में आग लग गई, जिसमें चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।
पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)। पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर देर रात एक सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। हाईवे पर आवारा गोवंश से टकराने के बाद एक कार में आग का गोला बन गई। कार में आग लगने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। समय रहते कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
रात करीब 12:30 बजे हुई घटना
मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। हादसा थाना गजरौला क्षेत्र के गांव कैंच के पास का है। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे कार पूरनपुर से पीलीभीत की ओर जा रही थी। तभी अचानक सड़क पर छुट्टा गोवंश कार के सामने आ गया।
कार की गोवंश से हुई जोरदार टक्कर
कार की गोवंश से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई। चालक ने कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे की सूचना मिलते ही गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की गाड़ी को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। इसके बाद पुलिस ने जली हुई कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। कार में चालक राकेश कुमार निवासी मोहल्ला ईदगाह, बाबूगढ़ छावनी, जिला हापुड़ अकेले सवार थे। वह पूरनपुर में अपने एक परिचित से मिलने के बाद कार से घर लौट रहे थे। घटना के बाद हाइवे पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ेंः इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि आज; प्रियंका गांधी ने किया याद