प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

नवरात्रि पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच

चंपावत: नवरात्रि पर टनकपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, जांच के लिए भेजे गए 5 नमूने

नवरात्रि के मद्देनजर चंपावत के टनकपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण कर 5 खाद्य नमूने जांच के लिए रुद्रपुर भेजे। दुकानदारों को स्वच्छता और गुणवत्ता के निर्देश दिए।

चंपावत नवरात्रि पर टनकपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी जांच के लिए भेजे गए 5 नमूने

Food safety team inspects shops in Tanakpur |

चंपावत (उत्तराखंड)। शारदीय नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने टनकपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA), उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के क्रम में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत व्रत में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भंडारण और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की गई।

खाद्य प्रतिष्ठानों से पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजे

नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होते ही बाजारों में व्रत से संबंधित खाद्य सामग्रियों की मांग बढ़ गई है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चंपावत जिले के टनकपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। विभागीय टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर पांच खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही दुकानदारों को मिलावट से बचने, साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

कुट्टू की गिरी, सेंधा नमक और तेल समेत पांच नमूने एकत्र

नवरात्रि में व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा टनकपुर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने कुट्टू के आटे और व्रत में इस्तेमाल होने वाली अन्य खाद्य सामग्रियों के भंडारण एवं बिक्री व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

हालांकि, निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में कुट्टू का आटा बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं पाया गया, लेकिन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कुट्टू की गिरी, सेंधा नमक, पोहा और तेल सहित कुल पांच नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दुकानदारों को जारी की गई एडवाइजरी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने टनकपुर और बनबसा के किराना व्यापारियों एवं खाद्य कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत कुट्टू का आटा केवल सीलबंद पैकेट में बेचने, पैकेट पर निर्माण एवं उपयोग की तिथि, निर्माता या पैकर का पूरा पता तथा एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस अथवा पंजीकरण संख्या अंकित होने की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा दुकानदारों को व्रत की खाद्य सामग्री स्वच्छ और सुरक्षित परिस्थितियों में रखने, खुले खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा खरीद-बिक्री के दौरान पक्के बिल जारी करने के लिए निर्देशित किया गया है। साथ ही एक्सपायरी डेट पार कर चुकी सामग्री को बिक्री के लिए नहीं रखने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

नियमित रूप से जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नमूनों की प्रयोगशाला जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी तथा सहायक दिनेश फर्त्याल शामिल रहे।

यह भी पढ़ें: कुंभ मेला 2027: हरिद्वार में सड़क सुधार, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी, मेलाधिकारी सोनिका ने किया निरीक्षण

Related to this topic: