डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर से लौट रहे परिवार की पिकअप को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
राजनांदगांव,(छत्तीसगढ़ )। जिले में नेशनल हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर के दर्शन कर दुर्ग लौट रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में एक मासूम की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
नेशनल हाईवे स्थित साईं मिथिला ढाबा के नजदीक हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा भानपुरी के पास नेशनल हाईवे स्थित साईं मिथिला ढाबा के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में खराबी आने के कारण चालक उसे सड़क किनारे ठीक कर रहा था। इसी दौरान नागपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक बालक को मृत घोषित कर दिया। अन्य सात घायलों का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ेंः महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशीले इंजेक्शन की तस्करी करते आरोपी गिरफ्तार