सोशल मीडिया पर व्यूज और रील्स बनाने की होड़ अब बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बनती जा रही है।
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: सोशल मीडिया पर व्यूज और रील्स का खुमार अब मासूमों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। भदोखर थाना क्षेत्र के बेहटा गांव स्थित शारदा नहर से एक ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जहां नाबालिग बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नहर में खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
पुल की रेलिंग से गहरे पानी में छलांग
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आधा दर्जन से अधिक बच्चे शारदा नहर के ऊंचे बेहटा पुल की रेलिंग पर चढ़कर बारी-बारी से गहरे पानी में छलांग लगा रहे हैं। तेज बहाव और पुल की ऊंचाई के बावजूद बच्चों में किसी तरह का खौफ नजर नहीं आ रहा। स्थानीय लोगों की मानें तो यह लापरवाही किसी दिन बड़े हादसे में बदल सकती है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बेहटा पुल पर आए दिन बच्चे और युवा इस तरह के स्टंट करते हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई सख्त कार्रवाई या गश्त नहीं की जाती। हादसों को दावत देती इस घोर लापरवाही ने बच्चों की सुरक्षा और पुलिस-प्रशासन की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने की मांग
मामले में स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नहर के आसपास गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे खतरनाक स्टंट करने वाले बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर सख्त हिदायत दी जाए, ताकि समय रहते किसी अनहोनी को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: बहराइच में सोते किसान को घर से उठा ले गया जंगली जानवर, सुबह मिले खून के निशान और क्षत-विक्षत अवशेष