प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मुंगेर में छात्र लापता, गंगा में तलाश जारी

मुंगेर में 10वीं का छात्र रहस्यमय ढंग से लापता, मोबाइल-चप्पल मिलने से बढ़ी आशंका; गंगा में सर्च जारी

बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र से 10वीं कक्षा का छात्र शिवम कुमार (16) रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है।

मुंगेर में 10वीं का छात्र रहस्यमय ढंग से लापता मोबाइल-चप्पल मिलने से बढ़ी आशंका गंगा में सर्च जारी

Search Underway for Missing Munger Student |

मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र से 10वीं कक्षा का छात्र शिवम कुमार (16) रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। गुरुवार को उसका मोबाइल श्रीकृष्ण सेतु स्थित पुलिस पिकेट में और कुछ दूरी पर पाया संख्या-9 के पास उसकी चप्पल मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया। पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में घंटों तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका।

ट्यूशन से लौटने के बाद घर से निकला था छात्र

जानकारी के अनुसार, नगर निगम में जमादार के पद पर कार्यरत बीरेंद्र बिंद का 16 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार बुधवार शाम ट्यूशन से घर लौटा था। शाम करीब 7 बजे वह दोबारा घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने जमालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई।

मोबाइल और चप्पल मिलने से बढ़ी चिंता

पुलिस ने मोबाइल की अंतिम लोकेशन के आधार पर श्रीकृष्ण सेतु और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह छात्र का मोबाइल श्रीकृष्ण सेतु पुलिस पिकेट में मिला, जबकि कुछ दूरी पर उसकी चप्पल बरामद हुई। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने गंगा नदी में सघन सर्च अभियान चलाया।

प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच

जांच के दौरान पुलिस ने उस ट्यूशन संस्थान में भी पूछताछ की, जहां शिवम पढ़ाई करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिछले करीब दो वर्षों से उसका एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

परिजनों ने लगाया अपहरण और हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवती के परिजनों ने शिवम का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव गंगा में फेंक दिया। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर बेटे की बरामदगी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस ने कहा- हर पहलू से हो रही जांच

पुलिस का कहना है कि छात्र की तलाश लगातार जारी है। मामले की जांच प्रेम प्रसंग, संभावित अपहरण और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फिलहाल छात्र का पता लगाने के लिए सर्च अभियान जारी है।

यह भी पढ़े: उमरिया बांध में नहाने गया युवक गहरे पानी में डूबा, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम

Related to this topic: