मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान एक अनूठी सादगी पेश की।
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान एक अनूठी सादगी पेश की। गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद वापस लौटते समय, मुख्यमंत्री ने अपना सरकारी काफिला और वीआईपी प्रोटोकॉल छोड़कर एयरपोर्ट पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो से सफर किया। मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से एयरोसिटी (Aerocity) तक का सफर तय किया।
रास्ते में यात्रियों से की बातचीत
सफर के दौरान सीएम यादव बिल्कुल आम नागरिक की तरह नजर आए। उन्होंने मेट्रो में सवार यात्रियों से आत्मीयता से बातचीत की। कुछ महिला यात्रियों ने उन्हें बताया कि मध्य प्रदेश बहुत खूबसूरत है और वे वहाँ घूम चुकी हैं, जिस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री के साथ केवल उनका आवश्यक स्टाफ और सीमित सुरक्षाकर्मी ही मौजूद थे।
पीएम के संदेश को किया लागू
मुख्यमंत्री ने अपनी इस यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संदेश को आगे बढ़ाया है जिसमें ईंधन की बचत, सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया गया है। सफर पर मुख्यमंत्री ने कहा, मेट्रो जैसे आधुनिक साधन न केवल समय बचाते हैं, बल्कि प्रदूषण कम करने और ऊर्जा संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हमें शहरों में बढ़ते वाहनों के दबाव को कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन को अपनाना चाहिए।
वीआईपी संस्कृति को छोड़ना औऱ जनता से जुड़ाव का लक्ष्य
सीएम का यह कदम न केवल पर्यावरण और ईंधन बचत के प्रति जागरूकता फैलाता है, बल्कि यह वीआईपी संस्कृति (VIP Culture) को छोड़कर जनता के साथ जुड़ने का एक प्रभावशाली प्रयास भी माना जा रहा है। मध्य प्रदेश में भी भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में मेट्रो विस्तार का कार्य इसी विजन का हिस्सा है।
यह भी पढ़े: NEET पेपर लीक के बाद परीक्षा होगी CBT में
https://www.primenewsnetwork.in/india/neet-to-shift-to-cbt-mode-from-next-year-minister/204850