सीएम योगी रायबरेली में आयोजित शिव महापुराण कथा में शामिल हुए। उन्होंने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की भूमिका पर बात करते हुए कथा जैसे आयोजनों को समाज को जोड़ने का माध्यम बताया।
रायबरेली: ऊंचाहार स्थित चड़रई टोल प्लाजा के पास चल रही संगीतमय शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंच पर प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा महाराज श्रद्धालुओं को शिव महापुराण की महिमा और भगवान भोलेनाथ की भक्ति का रसपान करा रहे हैं।
सीएम योगी का किया भव्य स्वागत
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर कथा आयोजक एवं कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने बुके, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र निर्माण पर विचार व्यक्त किए।
सीएम योगी ने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा...
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने धर्म को कभी केवल पूजा-पद्धति या कर्मकांड तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे समाज की जीवन शक्ति के रूप में स्वीकार किया है। उन्होंने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि अतीत में राजनीतिक कमजोरियों और आपसी फूट के कारण ही इस देश को विदेशी आक्रांताओं का सामना करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
सीएम योगी ने शिव कथा को बताया समाज जोड़ने का माध्यम
मुख्यमंत्री ने मध्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा, "उस कालखंड में जब सनातन धर्म पर चारों ओर से प्रहार हो रहे थे, तब संत तुलसीदास जी ने रामकथा के माध्यम से समाज को एक सूत्र में पिरोने और सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का काम किया था।" उन्होंने कहा कि आज के दौर में पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा की जा रही शिव कथा जैसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम कर रहे हैं। ऊंचाहार की जनता की सराहना करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यहां के लोग बेहद सौभाग्यशाली हैं, जिन्होंने मनोज पांडे के रूप में ऐसा विधायक चुना है जो विरासत और विकास की यात्रा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।
सीएम योगी ने सांस्कृतिक विरासत और विकास पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ प्रदेश के चौमुखी विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा जी के मुखारविंद से शिव महापुराण का बखान सुन श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- उथमन टोल प्लाजा पर दर्दनाक हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से टोलकर्मी की मौत