सीएम योगी आदित्यनाथ ने संभल में 569 करोड़ की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने संस्कृति सम्मान, सुरक्षा और विकास योजनाओं पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। संभल (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को संभल में आयोजित कार्यक्रम में 569 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले हर व्यक्ति को देश की संस्कृति और परंपरा का सम्मान करना होगा। सीएम ने संभल के विकास, 68 तीर्थों के पुनरुद्धार, अवैध कब्जों पर कार्रवाई और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में बिना भेदभाव के विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं।
10 हजार एकड़ जमीन अवैध कब्जों से मुक्त कराने का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संभल में करीब 10 हजार एकड़ जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है, जिसे अब गरीबों, दलितों, वंचितों और पिछड़े वर्ग के लोगों के हित में इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा करने वालों को माफिया घोषित किया जाना चाहिए।
68 तीर्थों की सुरक्षा और संस्कृति के सम्मान पर जोर
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान जमीन के रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की गई, लेकिन सच को छिपाया नहीं जा सकता। सीएम ने कहा कि अब संभल के 68 तीर्थों पर कोई कब्जा नहीं होने दिया जाएगा और सभी को भारत की संस्कृति व परंपराओं का सम्मान करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के लोगों तक पहुंच रहा है।
चंदौसी में भगवान गणपति और श्रीराम की प्रतिमाओं का किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि भगवान कल्कि की इस पावन भूमि पर संभल और चंदौसी की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में आने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ। चंदौसी, जिसे क्षेत्र का वृंदावन भी कहा जाता है, यहां 145 फुट ऊंची भगवान गणपति की प्रतिमा तथा मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा के अनावरण का भी मुझे मौका मिला ये बड़े भाग्य की बात है।
हरिहर मंदिर और 19 कूपों के पुनरुद्धार की बात कही
उन्होंने कहा कि यह श्री हरि विष्णु की पावन धरा है। ठीक 500 वर्ष पहले, वर्ष 1526 में विदेशी आक्रांताओं ने इसे अपवित्र किया था। आक्रांता जब आते हैं तो वे केवल खजाना ही नहीं लूटते, बल्कि धर्म और संस्कृति को भी रौंदते हैं। यही पाप यहां भी किया गया था। श्री हरि विष्णु के पवित्र हरिहर मंदिर को तोड़ दिया गया था। यहां के 68 तीर्थों को भी अपवित्र किया गया था और 19 कूपों पर भी कब्जा कर लिया गया था।
संभल में तीर्थों के विकास और परिक्रमा मार्ग का कार्य जारी
संभल के अस्तित्व के साथ खिलवाड़ करके 1976 और 1978 में यहां दंगे कराए गए। सैकड़ों निर्दोष लोगों को मार दिया गया, लेकिन किसी को सजा नहीं हो पाई। 500 वर्ष पहले जो पाप हुआ था, उसमें कुछ लोगों का जबरन धर्मांतरण कर दिया गया था। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार है। अब संभल में 68 तीर्थों के पुनरुद्धार और 19 कूपों को पुनर्जीवित करने का कार्य भी प्रारंभ हो गया है। 24 कोसी परिक्रमा मार्ग के कार्य के लिए भी धनराशि स्वीकृत कर काम आगे बढ़ाया गया है।
पुलिस लाइन, पीएसी बटालियन और फोरलेन सड़कों की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि संभल में पुलिस लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। यहां पीएसी की एक बटालियन का गठन किया जा रहा है और इंटीग्रेटेड डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर भी बनाया जा रहा है। संभल के विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों को फोरलेन सड़कों से जोड़ा जा रहा है। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ, हरिद्वार और प्रयागराज से जोड़ने का कार्य भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब भगवान कल्कि का अवतार होगा, तब देश और दुनिया के लोग यहां एक प्रमुख तीर्थ के रूप में हरिहर मंदिर के दर्शन कर सकेंगे और भगवान कल्कि के दर्शन का भी सौभाग्य प्राप्त करेंगे।
विरासत संरक्षण को बताया हर नागरिक का दायित्व
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपनी विरासत का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जिन लोगों ने इस विरासत का अपमान किया, वही लोग कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और रामनवमी की शोभायात्राओं को रोका जाता था तथा दुर्गा पूजा के पंडाल तक नहीं लगने दिए जाते थे। ऐसे लोग गुलामी की मानसिकता में जीने वाले हैं और उनका विरासत से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें हर कीमत पर सत्ता चाहिए, चाहे उसकी कीमत देश, गरीब, दलित या वंचित समाज को ही क्यों न चुकानी पड़े।
संभल विकास की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि संभल एक बार फिर अपने गौरव के साथ खड़ा हुआ है और अपने ऐतिहासिक स्वरूप को जोड़ते हुए अब विकास की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संभल अब रुकने वाला नहीं है, बल्कि विकास की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रहा है। इसी क्रम में उन्हें विकास परियोजनाओं की सौगात देने का अवसर मिला है।
डबल इंजन सरकार में तेज हुए विकास कार्य
उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार होने के कारण यह कार्य संभव हो पा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या वर्ष 2017 से पहले यह सब संभव था? क्या उस समय कोई संभल का नाम लेने की भी हिम्मत करता था? उन्होंने कहा कि उस दौर में एक तुर्क आकर यहां लोगों का अपमान करता था। वह यहां के देसी मुसलमानों का भी अपमान करता था और अपनी टोपी को अपनी आंख में लगा करके उनको चिढ़ाने का काम करता था।
गंगा एक्सप्रेसवे से बढ़ेगी संभल की कनेक्टिविटी
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ने विकास का नया मॉडल पेश किया है। गंगा एक्सप्रेसवे से संभल की कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है और सड़क, रेलवे व हवाई सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र की प्रगति को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मेंथा किसानों के हित में टैक्स में राहत और चंदौसी में फ्लाईओवर व इंटर कॉलेज निर्माण की बात भी कही।
डीबीटी के जरिए सीधे खाते में पहुंच रहा योजनाओं का पैसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के सभी लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि डीबीटी के जरिए सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है।
सुरक्षा, रोजगार और विकास को लेकर सरकार का दावा
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है और विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। युवाओं को रोजगार, गरीबों को आवास, मुफ्त राशन और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
संभल को विकास की नई दिशा देने का दावा
सीएम ने कहा कि संभल को विकास की नई दिशा दी जा रही है और भारत की संस्कृति व परंपरा का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, कार्ड व प्रमाणपत्र वितरित किए
- देवपाल को ट्रैक्टर एवं कृषि संयंत्र के लिए 24 लाख का डेमो चेक प्रदान किया गया।
- हरमुखी देवी को 2.25 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई।
- शालिनी शर्मा को प्रिंटिंग प्रेस के लिए 5 लाख का डेमो चेक दिया गया।
- मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत मसाला उद्योग के लिए भारत सिंह को 5 लाख का डेमो चेक प्रदान किया गया।
- मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अनीस रज्जाक को आवास की चाबी सौंपी गई।
- राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ज्योति शर्मा और विनीता यादव को संयुक्त रूप से 10 करोड़ 20 लाख रुपए का डेमो चेक देकर सम्मानित किया गया।
- सीमा रानी को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किया गया।
- संभल जिला प्रशासन द्वारा लगभग सवा करोड़ रुपये मूल्य की पांच बीघा बंजर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर 24 घंटे के भीतर भूमि पट्टा स्वीकृत किया गया। रानी, बृजेश और नन्हे को भूमि आवंटन पट्टे का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
यह भी पढे़ं: 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स: 'आर्टिकल 370' बनी बेस्ट फीचर फिल्म, 'कल्कि 2898 AD' और 'अमरन' भी चमके