प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

CM योगी करेंगे 81 शिक्षकों का सम्मान

शिक्षक दिवस पर CM योगी करेंगे 81 शिक्षकों का सम्मान, 25 हजार रुपये पुरस्कार और मिलेगी कई खास सुविधाएं

शिक्षक दिवस पर CM योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में 81 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।

शिक्षक दिवस पर cm योगी करेंगे 81 शिक्षकों का सम्मान 25 हजार रुपये पुरस्कार और मिलेगी कई खास सुविधाएं

CM Yogi to Honour 81 Teachers on Teachers' Day |

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उन शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार और विद्यालयों के बेहतर प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 सितंबर को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में प्रदेश के कुल 81 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025 और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025 से सम्मानित करेंगे।

शिक्षकों के सम्मान के लिए खास तैयारियां

शिक्षक दिवस पर होने वाले इस कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर से पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों को विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मान के साथ ठहराने की व्यवस्था की गई है। शिक्षकों के लिए होटलों में ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है।

बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से चयन

राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें कुल 33 शिक्षिकाएं शामिल हैं। बेसिक शिक्षा विभाग से 31 और माध्यमिक शिक्षा विभाग से 2 शिक्षिकाओं को पुरस्कार के लिए चुना गया है।माध्यमिक शिक्षा विभाग के चयनित शिक्षकों में से पांच शिक्षकों को ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

शिक्षकों को प्रोत्साहित करना पुरस्कार का उद्देश्य

राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार का प्रमुख उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर शिक्षण कार्य के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही समाज में शिक्षा की अलख जगाने और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के निर्माण में शिक्षकों के योगदान को और प्रभावी बनाना भी पुरस्कार का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

पुरस्कार के साथ मिलेंगे 25 हजार रुपये

योगी सरकार की ओर से राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित होने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह के साथ 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी दी जाएगी। सम्मानित शिक्षकों को सरकार की ओर से कई अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलेंगी।

परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा

पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को आजीवन उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में हर साल 4,000 किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे सम्मानित शिक्षक राज्य के भीतर यात्रा के दौरान इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

सेवानिवृत्ति की सीमा भी दो साल बढ़ेगी

राज्य स्तरीय पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों के लिए एक और महत्वपूर्ण लाभ की घोषणा की गई है। ऐसे शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की सीमा दो वर्ष बढ़ाई जाएगी। शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित होने वाला यह सम्मान समारोह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को पहचान देने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करने का माध्यम बनेगा।

यह भी पढ़ें:   सड़क हादसे में ब्रेन-डेड 27 वर्षीय युवक के अंगों से बची 2 जवानों की जान, दिल्ली में हुआ सफल ट्रांसप्लांट

Related to this topic: