पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
सिंगरौली (मध्य प्रदेश ) । जिले के देवसर क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसा हो गया। जियावन थाना क्षेत्र के खाखन पुल पर कोयले से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो बाइक सवार समेत ट्रक का चालक घायल हो गया। चालक के वाहन के नीचे फंसे होने की आशंका है। हादसे की सूचना मिलते ही जियावन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक तेज गति में था। खाखन पुल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक पलट गया। हादसे के बाद लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। जियावन थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी ने जानकारी दी कि पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई थी। ट्रक के नीचे फंसे चालक को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। बाइक सवार घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।
10 दिन पहले भी सीमेंट से लदा ट्रक पलट गया था
उल्लेखनीय है कि लगभग 10 दिन पहले भी इसी खाखन पुल पर सीमेंट से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हुआ था। इस पुल पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण इसकी सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।