प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

किसानों के लिए कांग्रेस का प्रदर्शन

केला फसल बीमा और मुआवजे की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन, 10 दिन में राहत नहीं तो घेराव

बुरहानपुर जिले के शाहपुर में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन किया।

केला फसल बीमा और मुआवजे की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन 10 दिन में राहत नहीं तो घेराव

Congress Stages Massive Protest in Burhanpur Over Banana Crop Damage |

बुरहानपुर (मध्यप्रदेश)। बुरहानपुर जिले के शाहपुर में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन किया। पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर केला फसल के लिए बीमा योजना लागू करने और आंधी-तूफान से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर किसानों को राहत नहीं मिली तो कलेक्ट्रेट का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

आंधी-तूफान से करोड़ों का नुकसान

शाहपुर में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बुरहानपुर जिले में हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान से हजारों एकड़ में खड़ी केला फसल बर्बाद हो गई है। किसानों को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है लेकिन अब तक न तो मुआवजा मिला है और न ही फसल बीमा की कोई व्यवस्था की गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पड़ोसी राज्यों में केला फसल का बीमा किया जा रहा है, जबकि मध्यप्रदेश के किसानों को इस सुविधा से वंचित रखा गया है।

पूर्व कृषि मंत्री बोले- किसानों की हालत चिंताजनक, तुरंत राहत जरूरी

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने कहा कि क्षेत्र के किसानों की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि कई गांवों में खेतों में खड़ी केला फसल पूरी तरह तबाह हो चुकी है। एक-एक पौधे पर किसानों ने भारी लागत खर्च की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए शीघ्र राहत पैकेज और फसल बीमा लागू करने की मांग की।

किसान नेताओं का अल्टीमेटम

किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मुकेश बुंगाल ने कहा कि हर बार सर्वे तो कराया जाता है, लेकिन किसानों को समय पर मुआवजा नहीं मिलता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। वहीं राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हेमंत पाटिल ने भी किसानों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।

प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट का आश्वासन

वहीं इस पूरे मामले पर जिले की प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। फसल बीमा के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल किसानों की नजर सरकार के फैसले पर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि कांग्रेस की चेतावनी के बाद सरकार राहत और फसल बीमा को लेकर कितनी जल्दी कोई ठोस कदम उठाती है।

यह भी पढ़ें: खरगोन के सहकारी बैंक में 41.58 लाख का गबन, मैनेजर और कैशियर समेत 3 पर FIR

Related to this topic: