एटा जिले के गढ़िया सुहागपुर गांव में एक प्रेमी जोड़े की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
एटा। एटा जिले के गढ़िया सुहागपुर गांव में एक प्रेमी जोड़े की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को एक 20 वर्षीय युवती और उसके प्रेमी की युवती के परिजनों द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
हिरासत में लिया गया आरोपी परिवार
पुलिस ने बताया कि युवती के परिजनों ने दोनों को उसके घर में कथित तौर पर एक साथ देखा था जिसके बाद उन्होंने दोनों की पीटा जिससे उनकी मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्याम नारायण सिंह ने कहा कि गढ़िया सुहागपुर गांव में हुए इस हत्याकांड के सिलसिले में युवती के परिवार के कुछ सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
एक ही गांव और समुदाय के थे दोनोें मृतक
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अशोक की 20 वर्षीय बेटी शिवानी और राधेश्याम के 25 वर्षीय बेटे दीपक के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव और समुदाय के थे। पुलिस ने बताया कि शिवानी और दीपक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। जानकारी के मुताबिक दीपक शाम करीब 8.30 बजे शिवानी से मिलने उसके घर गया था और इसी दौरान युवती के परिजनों ने छत पर दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पाया।
किसी भी पक्ष ने दर्ज नहीं कराई है शिकायत
पुलिस ने बताया कि इससे नाराज परिजनों ने दोनों को कथित तौर पर पीटा जिससे शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। स्थानीय थाना प्रभारी (एसएचओ) रितेश ठाकुर ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पोस्टमार्टम के लिए एटा मेडिकल कॉलेज भेजा गया शव
शवों को पोस्टमार्टम के लिए एटा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। एसएसपी सिंह ने मेडिकल कॉलेज एवं घटनास्थल का दौरा किया और साक्ष्य एकत्र करने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने कहा कि गांव में एहतियातन पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/the-coming-5-years-will-be-a-golden-era-for-bihar-union-minister-chirag-paswan/104549
आने वाले 5 साल बिहार के लिए होंगे सुनहरा दौर: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान