प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पत्नी को स्कूल छोड़ने जा रहे पति-पत्नी की मौत

पत्नी को स्कूल छोड़ने जा रहा था पति, रास्ते में दोनों की दर्दनाक मौत, मची चीख-पुकार

औरंगाबाद जिले में मंगलवार की सुबह एनएच-19 पर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं।

पत्नी को स्कूल छोड़ने जा रहा था पति रास्ते में दोनों की दर्दनाक मौत मची चीख-पुकार

Couple Dies Tragically While Husband Was Dropping Wife at School |

औरंगाबाद {बिहार}: औरंगाबाद जिले में मंगलवार की सुबह एनएच-19 पर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। अंजनवा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में सड़क खून से लाल हो गई।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान सलैया थाना क्षेत्र के जोगड़ी गांव निवासी प्रहलाद पाल और उनकी पत्नी उर्मिला देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उर्मिला देवी अंजमा मध्य विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। रोज की तरह मंगलवार सुबह भी पति प्रहलाद पाल उन्हें बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। दोनों को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर होगा।

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

जैसे ही उनकी बाइक एनएच-19 पर अंजनवा मोड़ के समीप पहुंची और वे सड़क पार करने लगे, तभी औरंगाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दंपति ट्रक के नीचे आ गए। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार ट्रक की पहचान करने में जुटी है। इधर, हादसे की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन और सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-19 को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद हटा जाम

जाम की सूचना पर मदनपुर अंचलाधिकारी, बीडीओ और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से जल्द मुआवजा दिलाया जाएगा और ट्रक चालक को चिन्हित कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त हो सका।

यह भी पढ़ें: बरेली में हार्डवेयर-परचून की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Related to this topic: