प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

साइबर ठगी मामले में श्रद्धा दुबे को कोर्ट का नोटिस

शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार श्रद्धा दुबे की सहारनपुर मामले में बढ़ी मुश्किलें?

सहारनपुर में आयुष्मान योजना से जुड़े 90 लाख 59 हजार रुपये की कथित साइबर ठगी के मामले में जब्त स्कोडा कार को छुड़ाने की अर्जी पर अदालत ने श्रद्धा दुबे को नोटिस जारी किया है।

शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार श्रद्धा दुबे की सहारनपुर मामले में बढ़ी मुश्किलें

साइबर ठगी मामले में श्रद्धा दुबे को कोर्ट का नोटिस |

सहारनपुर: लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा दुबे को लेकर सहारनपुर से भी एक अहम खबर सामने आई है। श्रद्धा दुबे सहारनपुर में दर्ज साइबर ठगी के एक मामले में भी अदालत में सरेंडर कर सकती है। दरअसल, आयुष्मान योजना से जुड़े 90 लाख 59 हजार रुपये की कथित साइबर ठगी के मामले में ज़ब्त स्कोडा कार को छुड़ाने की अर्जी अदालत में पहुंची है। कोर्ट ने श्रद्धा दुबे को नोटिस जारी करते हुए 30 अक्टूबर 2026 को अपना पक्ष रखने के लिए कहा है। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या श्रद्धा दुबे लखनऊ के अलावा सहारनपुर में भी कानूनी प्रक्रिया का सामना करने पहुंच सकती है? सहारनपुर में साइबर ठगी से जुड़े इस मामले में उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब जब्त स्कोडा कार को रिलीज कराने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। 

साइबर ठगी की रकम से कार खरीदने का दावा

यह मामला सहारनपुर साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 83/2024 से जुड़ा है। जांच के दौरान पुलिस ने स्कोडा कार नंबर DL6CM3920 को ज़ब्त किया था। अब इस कार को छुड़ाने की मांग पर अदालत में सुनवाई होनी है। अर्जी पर सुनवाई करते हुए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-द्वितीय की अदालत ने 16 अक्टूबर को श्रद्धा दुबे को नोटिस जारी किया। अदालत ने उन्हें 30 अक्टूबर 2026 को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया है। पुलिस की जांच के मुताबिक, कथित साइबर ठगी से प्राप्त रकम का इस्तेमाल स्कोडा कार खरीदने में किया गया था। जांच में लखनऊ निवासी अंकित जायसवाल का नाम सामने आया था और बाद में कार का पंजीकरण श्रद्धा दुबे के नाम पर कराया गया था। 

स्कोडा कार जब्ती मामले में 30 अक्टूबर को सुनवाई

हालांकि, कार के स्वामित्व और मामले में उसकी भूमिका को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 317(4) के साथ आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत कार्रवाई की गई है। दिसंबर 2024 में पुलिस ने अंकित जायसवाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। तब से स्कोडा कार साइबर क्राइम थाने में जब्त बताई जा रही है। वहीं, श्रद्धा दुबे का नाम लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में भी सामने आया है। इस मामले में उसके फरार होने की जानकारी सामने आई है। अब सहारनपुर के साइबर ठगी मामले में 30 अक्टूबर को होने वाली सुनवाई पर भी नजर रहेगी। हालांकि, श्रद्धा दुबे सहारनपुर में सरेंडर करेगी या नहीं, इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें- आजमगढ़ में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
 

Related to this topic: