उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में गुरुवार सुबह एक लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोपी ने एक महिला के सामने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया।
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में गुरुवार सुबह एक लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोपी ने एक महिला के सामने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया। इसका विरोध करने पर आरोपी ने महिला के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, जिले के सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में महिला अपनी 20 वर्षीय बेटी के साथ सुबह करीब 8 बजे खेत में गन्ने की छिलाई के लिए जा रही थी, तभी गांव के ही एक युवक पारस ने उन्हें रोक लिया और अभद्रता करने लगा।
परिजनों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए फरसे से उसके सिर पर वार कर दिया। घायल महिला मौके पर ही गिर पड़ी, जिसके बाद आरोपी युवती को जबरन अपने साथ ले गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल महिला को मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। इसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एक-दूसरे को पहले से जानते थे युवक-युवती
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पारस गांव में ही एक चिकित्सक के यहां सहायक के तौर पर काम करता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के घरों के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारी के लिए पांट टीमें गठित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा कि युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/doctors-at-kgmcta-will-go-on-an-indefinite-strike-from-january-13/104131
केरल सरकारी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर 13 जनवरी से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल