शाजापुर के मीरकला बाजार में एक अज्ञात युवक मोबाइल कवर दिखाने के बहाने महिला दुकानदार को चकमा देकर गल्ले से 70 हजार रुपये लूट ले गया।
शाजापुर (मध्य प्रदेश)। शहर के सबसे व्यस्त मीरकला बाजार में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 'आदि एंटरप्राइजेज' नामक मोबाइल गैलरी में घुसे एक शातिर बदमाश ने महिला संचालक को चकमा देकर गल्ले में रखे 70 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गया। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात से व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
वारदात दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई
वारदात दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस वक्त दुकान पर केवल एक महिला मौजूद थी। इसी दौरान लाल रंग की TVS राइडर बाइक पर सवार होकर एक अज्ञात युवक दुकान पर पहुंचा। बदमाश ने बेहद शातिराना अंदाज में महिला से मोबाइल का बैक कवर दिखाने को कहा। जैसे ही महिला कवर निकालने के लिए गल्ले से हटकर पीछे मुड़ी, युवक ने फुर्ती से गल्ले में हाथ डालकर 70 हजार रुपये की नकदी निकाल ली और बाइक स्टार्ट कर पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गया।
इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
महिला जब तक माजरा समझ पाती, आरोपी फरार हो चुका था। शोर मचने पर आसपास के दुकानदार जमा हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। बाजार और दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि लाल बाइक सवार इस शातिर चोर का सुराग लगाया जा सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के 100 मेडल पूरे, संदीप ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड